माइनर में पानी ओवरफ्लो होने से सैकड़ों बीघा फसल पानी में डूबी

सेवराई। किसानों को समस्याओं से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। कभी सूखी तो कभी ओवरफ्लो माइनर और नहर उनके लिए परेशानी का सबब बन रही है। गोड़सरा माइनर में पानी ओवरफ्लो होने से दर्जनों किसानों के खेतों में पानी भर गया है। हालत यह है कि सड़क के एक फीट ऊपर से पानी बह रहा है। इससे आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के बाद भी बृहस्पतिवार की देर शाम तक मौके पर कोई अधिकारी-कर्मचारी नहीं पहुंचा था


गौरतलब है कि किसानों को पानी उपलब्ध कराने के लिए अमौरा पंप कैनाल से अमौरा,गोड़सरा राजवाहा में पानी छोड़ी जाता है। इसके साथ ही जमानिया राजवाहा से करवनिया का डेरा, उसिया आदि क्षेत्रों में नहर से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाता है। जमानिया-उसिया राजवाहा में क्षमता से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण गोड़सरा गांव के पास नहर ओवरफ्लो होने से पानी सड़क पर बह रहा है। इसके चलते करीब 50 किसानों के खेतों में पानी चले जाने के कारण उनकी सैकड़ों बीघा की फसल पानी में डूब गई है। संबंधित विभाग की लापरवाही को लेकर किसानों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि खेती के सीजन से पहले नहर की सफाई के नाम पर मात्र औपचारिकता की गई थी जिसके कारण नहर जाम हो जाने के कारण ओवरफ्लो हो गई। इसका नतीजा पानी खेतों और सड़क पर बह रहा है। इससे किसानों की हाड़तोड़ परिश्रम से की गई खेती की क्षति की आशंका पैदा हो गई है। किसान हाफिज,सादिक खान ने बताया कि नहर ओवरफ्लो होने की शिकायत अधिकारियों को कर दी गई है लेकिन बृहस्पतिवार की देर शाम तक कोई अधिकारी-कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा था। अभी भी पानी बढ़ाव पर है जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मजबूरीवश किसान पंपिंग सेट के माध्यम से खेतों का पानी निकाल रहे हैं। नहर ओवरफ्लो होने की घटना पहले भी हो चुकी है। बीते वर्ष गेहूं की फसल के सीजन में भी माइनर ओवरफ्लो हुई थी। हालांकि उस दौरान किसानों को क्षति कम हुई थी। इस बार फसल डूबने से किसान बर्बाद हो सकते हैं। विभाग किसानों की समस्या से बेखबर हैं। कोई सुनने को तैयार नहीं है। माइनर के ओवरफ्लो होने की घटना में सादिक खान, सदरुद्दीन शाह, नारद चौहान, असलम खान, मो शाहिद खान, मास्टर अबुजर खान, फैयाज खान, अख्तर खान आदि किसानों की सैकड़ों बीघे में लगी फसल पानी मेंडूब गई है।